सहेलियों की जिद: साथ रहेंगे, नहीं तो जान दे देंगे

Youth India Times
By -
0


चिट्ठी में कुछ ऐसा लिख घर छोड़कर चली गईं दो युवतियां
सहारनपुर। सहारनपुर जनपद में चिलकाना कस्बे के एक मोहल्ला निवासी दो सहेलियां स्वेच्छा से घर छोड़कर चली गईं। उन्होंने परिजनों के लिए छोड़ी चिट्ठी में तलाश न किए जाने की बात लिखी है। इनमें से एक युवती की अगले माह शादी थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर बाद कस्बे के मोहल्ले जाकिर हुसैन में रहने वाली दो सहेलियां अपने घर से गायब हो गईं। इनमें एक की उम्र 22 और दूसरी की 28 साल है। काफी देर बाद जब वे परिजनों को नहीं दिखाई दीं तो उनकी खोजबीन शुरू हुई। इसी दौरान परिजनों को घर से एक छोटी सी पर्ची मिली, जिस पर दोनों युवतियों ने अपनी मर्जी से घर छोड़ने की बात लिखी है। उन्होंने लिखा है कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर जा रही है। उन्हें खोजने की कोशिश न करें। हम दोनों एक साथ रहना चाहते हैं। घर से बहुत दूर जा रहे हैं। अगर हम आपको मिल भी जाएं तब भी वापस नहीं आएंगे। हमें एक साथ रहने दो, वरना मार दो। हम मर जाएंगे, लेकिन शादी नहीं करेंगे।
इसके बाद परिजन इस पर्ची पर लिखी चिट्ठी को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर अपनी बेटियों को तलाश करने की गुहार लगाई।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि रविवार शाम दो लड़कियों के अपनी मर्जी से घर छोड़ने की तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम लड़कियों की खोज के लिए लगाई गई है। दोनों लड़कियां बालिग हैं। इनमें से एक की शादी अगले महीने होने वाली थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)