सपा प्रत्याशी को भाजपाइयों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, सीओ सिटी से भी भिड़े

Youth India Times
By -
0


फर्रुखाबाद। यूपी विधान परिषद की नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन पर्चा दाखिल करने गए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हरीश यादव को भाजपाइयों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वह नंगे पैर भागकर नामांकन कक्ष तक पहुंचे। इस दौरान पुलिस तमाशा देखती रही।
मोहम्मदाबाद नगर पंचायत के चेयरमैन हरीश यादव को सपा ने इटावा-फर्रुखाबाद सीट से प्रत्याशी बनाया है। दोपहर करीब 12:30 बजे वह जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुबोध यादव आदि के साथ नामांकन कराने कलक्ट्रेट पहुंचे। पहले से घेराबंदी में लगे भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। सीओ अमृतपुर अजेय शर्मा ने रोकने की कोशिश की लेकिन सपा प्रत्याशी पर हमला बोल दिया गया। पुलिस के सामने ही सपा प्रत्याशी को भाजपा कार्यकर्ता घसीटकर जीजीआईसी गेट तक पीटते ले गए। हाथ से छीन नामांकन सेट फाड़ दिया। निजी सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें किसी तरह भीड़ से निकाला। सपा प्रत्याशी चप्पलें छोड़कर भागे। प्रत्याशी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से कार्रवाई की मांग की।
कलेक्ट्रेट गेट पर एक घंटे चलता रहा बवाल
विधान परिषद चुनाव में पुलिस का पूरा सुरक्षा तंत्र फेल हो गया। जिस जिम्मेदारी के साथ पुलिस अधीक्षक ने गेट पर तीन तीन सीओ के साथ ही भारी संख्या में फोर्स की तैनाती की थी मगर फोर्स पूरे समय तक भाजपाइयों की उंगलियों पर नाचता रहा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरा रौब दिखाते हुए पुलिस कर्मियों को भी आगे बढ़ने से रोक दिया। कलेक्ट्रेट में पूर्वान्ह से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिस तरीके से पुलिस ने सुबह से लापरवाही बरती उसका ही नतीजा रहा कि करीब एक घंटे तक कलेक्ट्रेट गेट के बाहर ववाल चलता रहा। एमआईसी तिराहा के पास कहने को तो पुलिस कर्मी लगाए गए थे मगर पुलिस कर्मियों ने कलेक्ट्रेट के बाहर तक जाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने और टोकने का काम नहीं किया।
यही वजह रही कि सपा प्रत्याशी के कलेक्ट्रेट गेट तक आने तक सैकड़ो की संख्या में भाजपाइयों का हुजूम गेट तक इकट्ठा हो गया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की प्लानिंग की ही कमीं कही जाएगी कि पूर्वान्ह नामांकन के लिए पर्याप्त समय होने के बाद भी सपा प्रत्याशी को पर्चा दाखिल करने को नहीं बुलाया गया। सपा प्रत्याशी करीब 12.30 बजे गाड़ी से अपने साथियों के साथ पहुंचे थे कि इसी दौरान पहले से ही हुजूम लगाए भाजपाइयों ने हमला बोल दिया। कहने को तो जीजीआईसी से लेकर एमआईसी तिराहा, सीतापुर अस्पताल के निकट, कोतवाली के ठीक सामने और एमआईसी के पास भी पुलिस कर्मियों को सुरक्षा के लिहाज से लगाया गया था।बड़ी मुश्किल से सपा प्रत्याशी कलक्ट्रेट पहुंच सके।



सीओ सिटी से भी भिड़े भाजपाई, धक्का मुक्की



कलेक्ट्रेट गेट पर हुजूम लगाए भाजपाइयों को जब पीछे हटने को कहा गया तो इस पर कार्यकर्ता उत्तेजित हो गए। सीओ सिटी से भाजपा कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई। तैश में आए कार्यकर्ताओं ने उनसे धक्का मुक्की भी कर दी। कलेक्ट्रेट के गेट से अंदर बाहर बार बार कार्यकर्ता निकल रहे थे। उन्हें रोकने को जब पुलिस कर्मियों ने कोई साहस नहीं दिखाया तो सीओ सिटी आगे आए। गेट पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता इकट्ठे थे। कार्यकर्ताओ को दूर हटने को कहा गया तो इस पर कुछ युवा कार्यकर्ता सीओ सिटी से भिड़ गए। इस दौरान नोकझोंक भी हुई। वहीं इससे पहले जब सपा प्रत्याशी नामांकन को पहुंचे थे उनके साथ कई कार्यकर्ता भी थे। डयूटी पर मौजूद सीओ अमृतपुर से सपा नेताओं की नोकझोंक हुई। एक दरोगा को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हड़का दिया। भाजपा नेता जबरन नामांकन कक्ष में मोबाइल लेकर जा रहे थे ।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)