आजमगढ़: योगी-मोदी बड़े मियां छोटे मियां सुभान अल्लाह हैं-प्रियंका

Youth India Times
By -
0


अखिलेश पर किया व्यंग्य: जनता की समस्याओं से इन्हें कोई लेना-देना नहीं
आजमगढ़। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा जिले की सभी दस विधानसभा क्षेत्र में भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने के लिए संयुक्त रूप से आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचीं। रानी की सराय स्थित शंकरपुर चेकपोस्ट के समीप मैदान पर चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए मंच पर चढ़ते समय वहां मौजूद बिलरियागंज की नन्हीं मासूम अनाबिया को गोद में उठाकर उपस्थित जनता का अभिवादन स्वीकार किया। चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के घोषणा पत्र को जनता के बीच प्रस्तुत कर उन्होंने पार्टी की उपलब्धियों को गिनाया। राष्ट्रीय महासचिव विपक्षी पार्टियों पर भी जमकर बरसीं। कहा कि योगी मोदी बड़े मियां छोटे मियां सुभान अल्लाह है। अखिलेश का नाम लिए बिना उनके बारे में व्यंग्यात्मक संकेत किया। कहा कि जनता समस्याओं से कराह रही लेकिन इन्हें कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा महंगाई किसी जाति व धर्म को पूछ कर नहीं आती। फिर यह नेता क्यों जाति-धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं। छुट्टा जानवर जब किसी का खेत चर गये तो उस बेजुबान ने पूछा क्या कि किस जाति का खेत है, हिन्दू का है या मुसलमान का। अगर विकास होगा तो किसी एक जाति व धर्म का नहीं होगा बल्कि सबका होगा। सच्चाई तो यह है कि सभी पार्टियां एक ही बिसात पर मोहरे बिछा कर लड़ रही हैं। जनता भोली- भाली है, चुनाव के समय इनसे जाति -धर्म की बात करो और सत्ता का सुख भोगो। इनसे विकास की बात करने की जरूरत नहीं है। लोकतंत्र में सत्ता पब्लिक की होती है नेता इसे उधार में लेता है। बहुजन समाजवादी पार्टी, समाजवादी पार्टी व भाजपा सरकार की सूबे में सरकार रही और उन्होंने यहां के लोगों को छलने के सिवा और क्या किया। मोदी तो मंच पर खड़े होकर इतना तक नहीं जानते कि छुट्टा पशु खेत चर रहे हैं। आजकल वह विश्व गुरु बन गये हैं। उत्तर प्रदेश में किसान परेशान हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव के समय वादा किया था कि 70 लाख लोगों को रोजगार देंगे आज वह रोजगार की बात नहीं करते हैं। जब कोई पूछता है तो कहते हैं कि हमने चार लाख आवेदन खोल दिए हैं। जबकि 5 सालों में 12 लाख पद अभी खाली हैं। आज जनता समस्याओं से परेशान है। ये पार्टीयां आप का वोट लेकर जाति-धर्म के नाम पर यहां की भोली भाली जनता को बरगला कर शासन कर रही हैं। आप कब अपने वोट की ताकत पहचानेगे। कांग्रेस नेता का मंच पर मौजूद दो बच्चियां अनाबिया और जान्हवी का पूरे समय तक गोद में बैठाकर सिर पर हाथ फेरने जैसा कृत्य उपस्थित जनसमूह के लिए बड़ा संदेश दे गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)