आजमगढ़: एमएलसी चुनाव को लेकर बोले रमाकांत यादव

Youth India Times
By -
0

जनता के हाथ में है फैसला, हमारे लिए दोनों बच्चे बराबर
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने आजमगढ़-मऊ विधान परिषद चुनाव के लिए फूलपुर पवई से पूर्व भाजपा विधायक अरूणकांत यादव को प्रत्याशी बनाया है। अरूणकांत यादव फूलपुर पवई से विधानसभा सदस्य बाहुबली नेता रमाकांत यादव के बेटे हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में फूलपुर पवई से अरूणकांत यादव भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। ऐसे में विधान परिषद का मुकाबला इस बार कांटे का होता दिख रहा है। होली के दिन रमाकांत यादव ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि होली हम लोगों का त्योहार नहीं। रमाकांत यादव ने सभी से डा. भीमराव अम्बेडकर जयंती मनाने की बात कही थी। इस बयान को लेकर रमाकांत यादव सुर्खियों में रहे।
सपा विधायक रमाकांत यादव ने बेटे की मदद के सवाल पर कहा कि जिले की जनता के हाथ में फैसला है। रमाकांत यादव ने कहा कि हमारे लिए दोनों बच्चे बराबर हैं। भाजपा ने जहां रमाकांत यादव के बेटे अरूणकांत यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है, वहीं समाजवादी पार्टी ने राकेश यादव गुड्डू को अपना प्रत्याशी बनाया है। हालांकि रमाकांत यादव ने सब कुछ जनता पर छोड़ दिया है। विधानसभा चुनाव के समय अपना नामांकन करने आए रमाकांत यादव ने कहा था कि बेटा मेरा है तो मेरे साथ रहेगा, पर अब बेटे का भाजपा से विधान परिषद का टिकट मिल गया है। ऐसे में अब देखना होगा कि पिता अपने बेटे की मदद करता है या नहीं।
जाति बंधन टूटेगा, एकजुट होकर भाजपा के पक्ष में होगा मतदान-अरूणकांत
वहीं इस बारे में पूर्व विधायक विधान परिषद के भाजपा प्रत्याशी अरूणकांत यादव का कहना है कि इस बार के चुनाव में जाति का बंधन टूटेगा। सभी लोग एकजुट होकर भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे। इसके पीछे का तर्क देते हुए अरूणकांत यादव ने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जिले में भाजपा एक भी सीट जीत नहीं पाई है। ऐसे में सरकार और जनता के बीच कोई प्रतिनिधि नहीं है, जो जिले की जनता की बात सरकार तक पहुंचा सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)