बच्ची के सामने पति की ईंट से कुचलकर की हत्या

Youth India Times
By -
0


घटना के बाद पुलिस चौकी पहुंची, कहा- मैंने पति को मार डाला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट बयान कर रही बेरहमी की कहानी
मुरादाबाद। कटघर कोतवाली क्षेत्र में बहनोई से अवैध संबंध के चलते महिला ने मासूम बेटी की आंखों के सामने ही पति की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला खुद ही पुलिस चौकी पहुंची और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कराए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर महिला और उसके जीजा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव बघी गोवर्धनपुर निवासी रवि पीतल फर्म में काम करता था। एक साल से कटघर कोतवाली क्षेत्र के सीतापुरी में किराए का कमरा लेकर पत्नी क्रांति और चार वर्षीय पुत्री सिद्धि के साथ रहता था। शुक्रवार को होली के दिन दोपहर करीब 11 बजे क्रांति अपनी बेटी सिद्धि के साथ दस सराय पुलिस चौकी पहुंची। क्रांति ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है। महिला के मुंह से पति की हत्या की बात सुनते ही पुलिस कर्मी सन्न रह गए। महिला को लेकर पुलिस कर्मी जब कमरे पर पहुंचे तो कमरे में रवि का शव पड़ा था और पूरे फर्श खून बिखरा हुआ था।
सीओ आशुतोष तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। फारेंसिक टीम बुलाकर मौके से साक्ष्य भी एकत्र कराए गए। पुलिस ने रक्तरंजित ईंट को भी कब्जे में ले ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी मिलते ही स्वजन रोते-बिलखते थाने पहुंचे। मृतक के बड़े भाई राजपाल सिंह बताया कि कांठ रोड स्थित काजीपुरा गांव निवासी महिपाल मृतक रवि का साढ़ू है। फिलहाल वह दिल्ली में रह रहा है। रवि की पत्नी क्रांति के अपने जीजा महिपाल से अवैध संबंध थे। छह माह तक दिल्ली में अपने बहनोई के घर रही थी।
पांच दिन पहले ही लौटकर पति के पास आई थी। इस बात पर रवि का अपने साढ़ू से झगड़ा भी हुआ था। अवैध संबंधों के चलते क्रांति ने अपने जीजा के साथ मिलकर रवि की हत्या कर दी। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि पूछताछ में महिला ने बताया कि रवि शराब पीने का आदी था। वह शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। होली पर वह शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा और आते ही वह झगड़ा करने लगा। इस पर उसे भी गुस्सा आ गया और उसने ईंट उठाकर सिर पर वार कर दिया।
पति की सांस थमने तक वार करते रही क्रांति
क्रांति ने पति को जान से मारने के इरादे से ही उसके सिर पर वार करने शुरू किए। नफरत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसने रवि के सिर और सीने पर ताबड़तोड़ सात वार किए। इससे रवि के फेफड़े फट गए और उसकी मौत हो गई। क्रांति सांस रुकने तक रवि पर वार करती रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी उसकी बेरहमी की कहानी बयान कर रही है। रवि के शरीर पर पिटाई के निशान साफ नजर आ रहे हैं।
बेटी ने किया बचाने का प्रयास
मासूम सिद्धि ने पुलिस को बताया कि मम्मी ने पापा को मार डाला। रोकने पर भी मम्मी नहीं रुकीं। बल्कि उसे धक्का देकर दूर भगा दिया। मां का रौद्र रूप देख मासूम इस कदर डर गई कि शोर भी नहीं मचा सकी। बताते हैं कि क्रांति की टांगों से लिपटकर मासूम बेटी ने पिता की जान को बचाने की कोशिश भी की। लेकिन, क्रांति का हाथ नहीं रुका। नशे में धुत रवि को क्रांति ने फर्श पर गिरा लिया और ईंट से उस पर ताबड़तोड़ वार करती रही। वह किसी भी हाल में उसे जिंदा नहीं देखना चाहती थी।
हुड़दंग में दब गई रवि की चीखें
रवि ने पत्नी के हमलों से बचने की तमाम कोशिशें कीं। वह कई बार उठकर भागने की कोशिश करता रहा। शोर मचाकर उसने अपनी जान बचाने की कोशिश की। लेकिन, उसकी चीखें होली के हुड़दंग में दब गई। दरवाजा बंद करके क्रांति ने रवि की छाती पर ताबड़तोड़ कई वार किए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)