सपा और भाजपा समर्थक भिड़े, चार कार्यकर्ता घायल

Youth India Times
By -
0


डीएम और डीआईजी मौके पर पहुंचे
देवरिया। देवरिया जिले के गौरीबाजार के कर्माजीतपुर में बुधवार की रात सपा और भाजपा समर्थक आपस में भिड़ गए। इस घटना में भाजपा के चार कार्यकर्ता घायल हो गए। उनमें से एक की स्थिति गंभीर है। भाजपा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी उसे इलाज के लिए गोरखपुर ले गए हैं।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमाजीतपुर गांव के सगड़ा टोला में बुधवार की रात राम अशीष साहनी के घर कीर्तन था। उसमें भाजपा और सपा कार्यकर्ता मौजूद थे। उसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट में भाजपा कार्यकर्ता मयंक ओझा (45) सहित चार घायल हो गए। यह देख परिवार के अन्य लोग भी बाहर निकले। लोगों की भीड़ को देख हमलावर फरार हो गए। भाजपा कार्यकर्ता ने घटना की जानकारी भाजपा नेताओं को दी।
देखते ही देखते भाजपा कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौके पर जुटने लगे। जानकारी होने पर भाजपा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने मयंक ओझा की स्थिति गंभीर देख उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। शलभ मणि त्रिपाठी घायल को लेकर गोरखपुर रवाना हो गए। उधर घटना की सूचना मिलते ही थानेदार अनिल पांडे मौके पर पहुंचे।
डीएम आशुतोष निरंजन और एसपी/डीआईजी डॉ. श्रीपति मिश्र भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। सपा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह पिंटू ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके भाई समेत चार समर्थकों को पीटकर घायल कर दिया। भाजपा के लोगों ने गोली चलाई है। वहीं भाजपा प्रत्याशी का कहना था कि सपा के लोग पैसा बांट रहे थे। जब इसका विरोध हुआ तो भाजपा कार्यकर्ताओं को बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)