आजमगढ़: तिलकोत्सव के दिन पड़ोसी ने युवक को मारी गोली

Youth India Times
By -
0

घटना में प्रयुक्त तमंचे को बरामद कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव में रविवार की सुबह आपसी रंजिश के चलते पड़ोसी युवक में अपने तिलकोत्सव की तैयारी में जुटे 26 वर्षीय युवक को तमंचे से गोली मार दी। घायल युवक को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। घटना में प्रयुक्त तमंचे को बरामद कर पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। 

सरायमीर क्षेत्र के कौरागहनी ग्राम निवासी पिंटू यादव पुत्र श्रीकांत यादव उसके पड़ोसी विशाल यादव पुत्र राजबहादुर यादव के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से अदावत चलती है। विशाल प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी बिहार की राजधानी पटना में रहकर करता है। परिजनों ने विशाल की शादी का रिश्ता तय कर दिया था। रविवार को विशाल का तिलकोत्सव समारोह आयोजित होने वाला था। तिलक समारोह में शामिल होने के लिए विशाल पटना से अपने घर आया हुआ था। रविवार की सुबह विशाल घर के दरवाजे पर आगंतुकों को  बैठाने की व्यवस्था में जुटा था। तभी किसी बात को लेकर विशाल और उसके पड़ोसी पिंटू के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बीच पिंटू ने तमंचे से विशाल के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली विशाल के पेट में लगी और वह गिर पड़ा। हमलावर मौके पर तमंचा फेंक कर फरार हो गया। घायल युवक को आनन-फानन उपचार के लिए एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। सूचना पाकर थानाप्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए हैं। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में विधिक कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)