अखिलेश ने चाचा शिवपाल को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

Youth India Times
By -
0

लखनऊ। जसवंतनगर में वोटिंग के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव की जिम्मेदारी बढ़ा दी है। अब उन्हें प्रदेश के दूसरे हिस्सों में पार्टी के लिए समर्थन जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के प्रमुख को सपा ने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल कर लिया है। सपा गठबंधन की ओर शिवपाल यादव को महज जसवंत नगर की सीट मिली थी, जिस पर रविवार को तीसरे चरण में मतदान हो गया।
सपा की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की नई सूची में पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, डिंपल यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य जैसे नेता शामिल हैं। सपा की ओर से पहले जिन 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई थी उसमें शिवपाल यादव का नाम शामिल नहीं था। साइकिल निशान पर ही चुनाव लड़ रहे शिवपाल का नाम स्टार प्रचारकों शामिल नहीं किए जाने पर राजनीतिक जानकार समेत पार्टी के समर्थक हैरान थे। शिवपाल यादव की सपा संगठन में मजबूत पकड़ रही है। वह लंबे समय तक मुलायम सिंह यादव के साथ जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच काम कर चुके हैं। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव से पहले मुलायम सिंह यादव की विरासत को लेकर हुए विवाद में अखिलेश यादव ने उन्हें दरकिनार कर दिया था। इसके बाद शिवपाल यादव ने नई पार्टी बना ली थी। 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिलेश यादव उन्हें दोबारा गठबंधन में शामिल करने में कामयाब रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)