सपा को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने छोड़ी पार्टी

Youth India Times
By -
0

बसपा ने राजभर के खिलाफ मैदान में उतारा
लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव का पहला चरण पूरा होने के बाद भी नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने समाजवादी पार्टी से नाता तोड़ लिया है। शादाब को बहुजन समाज पार्टी ने गाजीपुर की जहूराबाद सीट से टिकट भी दे दिया है। यही नहीं शादाब फातिमा को जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी भी बना दिया गया है। जहूराबाद से सपा गठबंधन में शामिल सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर खुद मैदान में हैं। ऐसे में यहा लड़ाई रोचक हो गई है।
शादाब फातिमा के बारे में जानकारी बसपा के गाजीपुर जिले के अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से शादाब फातिमा ने शुक्रवार को मुलाकात की। पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने समाजवादी पार्टी छोड़कर बसपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। मायावती ने उन्हें जहूराबाद विधानसभा से प्रभारी और उम्मीदवार बनाया है।
अखिलेश सरकार में मंत्री रहीं शादाब फातिमा ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जहूराबाद सीट पर ही ओम प्रकाश राजभर को हराया था। शिवपाल सिंह यादव की करीबी मानी जाने वाली शादाब फातिमा ने अखिलेश और शिवपाल के बीच हुए विवाद में शिवपाल का साथ दिया था। मगर इस बार अखिलेश ने शिवपाल के अलावा उनके किसी अन्य सहयोगी को टिकट नहीं दिया।
इस वजह से पहले शादाब फातिमा के निर्दलीय चुनाव लड़ने की चर्चा चल रही थी। मगर शुक्रवार को बसपा ने उन्हें जहूराबाद सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस सीट पर सातवें और अंतिम चरण में सात मार्च को मतदान होना है। शादाब की सियासत में एण्ट्री वर्ष 2007 में सपा के टिकट पर गाजीपुर सीट से चुनाव लड़कर हुई थी। उसके बाद उन्होंने जहूराबाद सीट का रुख किया। अखिलेश सरकार बनी तो उन्हें महिला कल्याण मंत्री बनाया गया था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)