शिवपाल के कई साथी छोड़ रहे साथ, जानिए क्यों

Youth India Times
By -
0

लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बनाने वाले शिवपाल यादव के कई नेता अब उनका साथ छोड़ दूसरे दलों में जा रहे हैं। सपा गठबंधन से टिकट न मिलने के कारण कुछ लोग भाजपा व बसपा का दामन थाम रहे हैं तो कुछ बेहतर भविष्य के लिए पार्टी छोड़ रहे हैं। खुद शिवपाल यादव सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में उनके लिए किसी को रोक पाना मुश्किल हो रहा है।
ताजा मामला पूर्व मंत्री शादाब फातिमा का है। वह जहूराबाद से अब चुनाव लड़ेंगी जबकि जहूराबाद से सपा गठबंधन के साथी सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह अखिलेश सरकार में मंत्री रहे शिवकुमार बेरिया भी अब साथ छोड़ गए और भाजपा में शामिल हो गए। प्रसपा के कद्दावर नेता व दो बार सांसद रहे रघुराज शाक्य भी भाजपा में चले गए। अखिलेश सरकार में मंत्री रह चुके शारदा प्रताप शुक्ला ने प्रसपा छोड़ दी और भाजपा में आ गए हैं।
यही नहीं प्रसपा संगठन के कई अन्य पदाधिकारी भी पार्टी छोड़ रहे हैं। असल में सपा से गठबंधन होने पर इन नेताओं को उम्मीद थी कि कम से कम सात-आठ टिकट तो सपा से मिल जाएंगे लेकिन खुद शिवपाल यादव को ही सपा से एक सीट मिली और भी सपा के सिंबल पर। ऐसे में सपा छोड़कर शिवपाल के साथ कई साथी अब निराशा के दौर से हैं। खुद शिवपाल यादव अपना दर्द जाहिर कर रहे हैं कि उन्होंने बड़ी कुर्बानी दी है उनकी तो 100 सीटों पर तैयारी थी। असल में प्रसपा को चुनाव चिन्ह चाबी आयोग ने ले लिया और उसके बदले स्टूल निशान दे दिया। अब नए सिंबल से पार्टी की पहचान मुश्किल है। वैसे शिवपाल ने अपने लोगों को फिलहाल इंतजार करने व धीरज बनाए रखने को कहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)