भाजपा प्रत्याशी के प्रस्तावक को दिनदहाड़े गोलियों से भूना

Youth India Times
By -
0

मथुरा। थाना कोसीकलां क्षेत्र में कोकिलावन शनिदेव धाम पर दर्शन करने गए पैगांव के प्रधान व भाजपा प्रत्याशी के प्रस्तावक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनके सिर में चार गोलियां मारी हैं। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंच गए। पुलिस की प्राथमिक जांच में रंजिश की बात सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह ग्राम पंचायत पैगांव के प्रधान रामवीर सिंह कोकिलावन धाम में परिक्रमा कर शनिदेव के दर्शन करने गए थे। परिक्रमा मार्ग में पहले से ही घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने रामवीर पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। उनके सिर में चार गोलियां लगी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोलियां लगने से रामवीर वहीं गिर गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिक्रमा मार्ग पर अचानक गोलियां चलने से सनसनी फैल गई। वहां मौजूद श्रद्धालु जब तक कुछ समझ पाते हमलावर भागने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रंजिशन प्रतीत हो रहा हैं। पूरे मामले की जांच के बाद कुछ कहा जा सकता है। प्रधान रामवीर छाता क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चौधरी लक्ष्मी नारायण के इस चुनाव में प्रस्तावक थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)