आजमगढ़: सिवान में मिला विवाहिता का शव

Youth India Times
By -
0

शरीर पर चोट के निशान, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिधारी ग्राम स्थित मायके में रह रही 27 वर्षीय विवाहिता का शव शनिवार की सुबह गांव के उत्तरी सिवान में मिलने से इलाके में हलचल मच गई। मृतका के शरीर पर चोट के निशान देख लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सिधारी ग्राम निवासी सत्यदेव राजभर की 27 वर्षीय पुत्री प्रियंका की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व मऊ जिले के चिरैयाकोट कस्बा निवासी शशिकांत राजभर के साथ हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद मार्ग दुर्घटना में घायल होकर शशिकांत अपाहिज हो गया था। कुछ समय बाद प्रियंका अपने तीन वर्षीय पुत्र प्रियांशु के साथ अपने मायके में रहने लगी। शनिवार को तड़के गांव के उत्तरी सिवान की ओर गए ग्रामीण वहां संदिग्ध हालत में मिले प्रियंका का शव दंग रह गए। इसकी सूचना मेंहनगर थाने को दी गई । घटना की जानकारी पाकर एसपी सिटी व सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मृतका के गले और शरीर पर चोट के निशान देख दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का एक छोटा भाई है, जिसकी शादी नहीं हुई है। मृत प्रियंका सत्यदेव की बड़ी पुत्री थी। घटना के संबंध में थानाप्रभारी मेंहनगर विमलप्रकाश राय ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शीघ्र मामले से पर्दा उठाने का आश्वासन दिया है। उधर क्षेत्र में तरह-तरह के कयासों का दौर जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)