आजमगढ़: सरोज हत्याकांड में शामिल चार आरोपी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

पकड़े गए लोगों में हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह दशहरा मेले में चाकू मारकर सरोज पासवान की हत्या में शामिल चार आरोपियों को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में एक हिस्ट्रीशीटर भी बताया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि बीते 25 अक्टूबर की रात गोमाडीह मेला घूमने आए कतिपय लोग दुर्गा प्रतिमा पंडाल के पास मौजूद दो युवकों पर चाकू से प्रहार कर दिए। इस घटना में सरोज पुत्र रामअवतार एवं विनोद पुत्र राम अचल दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां सरोज को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल विनोद अभी उपचाराधीन है। इस मामले में घायल विनोद के पिता रामअचल ने गंभीरपुर थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार कि सुबह पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली की सरोज हत्याकांड का मुख्य आरोपी क्षेत्र के बेला तिराहे पर मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सुबह करीब 6.15 बजे पुलिस मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंची और बताई गई हुलिया के आधार पर वहां मौजूद युवक को धर दबोचा। थाने पर लाए गए युवक से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के बाद पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद घटना के मुख्य आरोपी निखिल पुत्र विनोद राम निवासी ग्राम रोहुवां मुस्तफाबाद थाना गंभीरपुर ने हत्या का जुर्म कबूल करते हुए बताया कि गोमाडीह मेले में वह अपने गांव के कुछ लोगों के साथ गया था। कारण कि मेले में उसकी प्रेमिका भी गई हुई थी। मेला घूमने के दौरान निखिल और उसके साथ रहे लोगों का कटघर गोमाडीह निवासी विपक्षी अमित सरोज से सामना हुआ और लोग उसे मारने लगे। यह देख वहां मौजूद कटघर गोमाडीह ग्राम निवासी सरोज व विनोद बीच-बचाव करने आ गए। इस दौरान सरोज व विनोद पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकूबाजी की घटना से मेले में मची भगदड़ का लाभ उठाते हुए हमलावर पक्ष मौके से फरार हो गया। मुख्य आरोपी निखिल से की गई पूछताछ के बाद पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में राजाराम पुत्र रामधनी उमेश पुत्र रामधनी व श्रवण कुमार पुत्र राजकुमार सभी रोहुवां मुस्तफाबाद गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजाराम गंभीरपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जिले के जहानागंज, सरायमीर व गंभीरपुर के अलावा दिल्ली के अशोक विहार क्षेत्र में भी कई संगीन अभियोग पंजीकृत हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)