सपा को झटका : कांग्रेस में शामिल हुईं रितु सिंह

Youth India Times
By -
0

पसगवां कांड से चर्चा में आईं, प्रियंका गांधी की मौजूदगी में ली सदस्यता
लखीमपुर खीरी। लखीपुरखीरी के पसगवां ब्लाक में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा का शिकार होने के बाद सुर्खियां बनीं रितु सिंह कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। पंचायत चुनाव में रितु सिंह समाजवादी पार्टी की तरफ से ब्लॉक प्रमुख की प्रत्याशी थीं। पंचायत चुनाव में हिंसा का शिकार होने के बाद प्रियंका गांधी उनसे मिलने भी लखीमपुर गई थीं। शनिवार को प्रियंका गांधी की मौजूदगी में रितु सिंह ने सदस्यता ली।
पसगवां ब्लॉक परिसर में आठ जुलाई को ब्लॉक प्रमुख नामांकन के दौरान सपा समर्थित महिला प्रत्याशी रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक से पुलिस के सामने बदसलूकी की गई थी। रितु ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरओ के कक्ष में नामांकन पत्र फाड़ने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि भाजपा की सांसद रेखा वर्मा और पुलिस की मौजूदगी में उन दोनों के कपड़े तक फाड़ दिए गए।
पसगवां ब्लॉक में तीन प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे थे, जिनमें भाजपा सांसद रेखा वर्मा की करीबी व पार्टी की प्रत्याशी कु. शिखा सिंह और सांसद रेखा वर्मा की मां व निवर्तमान प्रमुख उर्मिला ने पर्चा दाखिल किया था। जब सपा समर्थित प्रत्याशी रितु सिंह नामांकन कराने पहुंचीं तो गेट के बाहर ही खड़े लोगों ने रितु सिंह की प्रस्तावक अनीता यादव का हाथ पकड़कर उनसे बदसलूकी करते हुए उन्हें रोक लिया था।
इस बीच रितु सिंह के साथ में मौजूद सपा नेता क्रांति सिंह को कुछ लोग पकड़कर बाहर खींच ले गए थे, जबकि तमाम अन्य लोग ब्लॉक परिसर में मौजूद थे। सपा समर्थित प्रत्याशी रितु सिंह को नामांकन कक्ष में जाने से रोकने के लिए उनसे मारपीट और छीना झपटी की गई थी।
सेमरा जानीपुर थाना पसगवां की रहने वाली रितु सिंह ने एसपी को तहरीर देते हुए कहा था कि वे जब नामांकन कराने जा रही थीं तो भाजपा समर्थकों ने उन्हें और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव को रोकते हुए उन दोनों की साड़ी खींची और दुर्व्यवहार किया। इस दौरान दोनों के कपड़े तक फट गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)