आजमगढ़: पर्दे के पीछे से तमाशा देखती हैं मायावती

Youth India Times
By -
0

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अखिलेश यादव को लिया निशाने पर कहा लड़ाई के मैदान में पिछले 5 साल से पीठ दिखा रहे हैं सपा मुखिया
आजमगढ़। हमारा गठबंधन होगा लेकिन बूथ पर कांग्रेस का झंडा लेकर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता से, हमारा गठबंधन हर उस न्याय पंचायत के अध्यक्ष और ग्राम कांग्रेस के अध्यक्ष के साथ-साथ हर गरीब मजलूम किसान और संविधान की रक्षा में उठे हाथ से है जो कांग्रेस के पंजे को ताकत देने का काम कर रहा है। यह बातें शनिवार दोपहर उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने एक मैरिज हॉल पर कांग्रेस के न्याय पंचायत और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के दौरे पर वाराणसी आ रहीं अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की महारैली को सफल बनाने के लिए यहां की 278 न्याय पंचायत सदस्यों से सीधा संवाद किया।

इसी क्रम में जनपद के सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम कांग्रेस के गठन की प्रगति से अवगत कराया। कार्यकर्ता और सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चल रही तैयारियों के बाबत गहन समीक्षा के बाद जिले में आने वाली प्रतिज्ञा यात्रा का जोरदार स्वागत किए जाने का आह्वान भी किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को प्रत्येक न्याय पंचायत से दो बस कार्यकर्ताओं को लेकर बनारस पहुंचने का संकल्प दोहराया और उम्मीद जताई कि जनपद से लगभग 500 बसों का बेड़ा बनारस कूच करेगा। सियासी सरगर्मी को हवा देते हुए अजय कुमार लल्लू ने अखिलेश यादव और मायावती को खुलकर ललकारा। उन्होंने कहा कि लड़ाई के मैदान में पिछले 5 साल से पीठ दिखा कर भाग रहे सपा मुखिया के ऊपर एक भी मुकदमा कायम हुआ हो तो समाजवादी पार्टी सत्ता में आने का दावा करें। उन्होंने अपने ऊपर लगे 167 मुकदमों का जिक्र करते हुए मायावती को पर्दे के पीछे से तमाशा देखने वाली नेता बताया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह ने कहा कि अब कांग्रेस प्रत्येक गांव में अपना कार्यालय खोलेगी जो सीधा जिला कांग्रेस, प्रदेश कार्यालय के संपर्क में रहेगा। इस मौके पर राम अवध एडवोकेट ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण किया। इस मौके पर यूपी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनिंदर मिश्रा, सचिव शमशाद अहमद व संगठन सचिव अनिल यादव मौजूद रहे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)