प्रधानपतियों की बेशर्मी से परेशान हुई महिला वीडीओ

Youth India Times
By -
0


रिपोर्ट मांगने पर आधी रात को बुलाते हैं घर
आगरा। प्रधानपतियों की कारगुजारियों से महिला ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) परेशान हैं। उनके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के साथ अभद्रता की जा रही है। सरकारी काम की रिपोर्ट मांगने पर प्रधानपति रात को घर आने की कहते हैं और इनकार पर उठवा लेने की धमकी देते हैं। ऐसे हालात में जनपद की आधा दर्जन से अधिक महिला वीडीओ ने काम बंद करने की चेतावनी दी है। इधर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने ऐसे मामले सामने आने पर दो प्रधानपतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम विकास अधिकारी संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को सीडीओ ए. मनिकंडन से मुलाकात की। उनके साथ आठ महिला वीडीओ भी थीं। लिखित शिकायत में बताया गया कि- प्रधानपतियों के साथ-साथ कुछ पुरुष प्रधान काम के नाम पर उनसे अभद्र और अश्लील व्यवहार करते हैं। रात को फोन करके परेशान करते हैं। रास्ते में आते-जाते छेड़ते हैं। शिकायतों के बावजूद वह हरकतों से बाज नहीं आ रहे। महिला ग्राम विकास अधिकारियों का कहना था कि इन हालातों में वह नौकरी नहीं कर पाएंगी। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी ली जाए और उचित व्यवस्था की जाए। महिला वीडीओ की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने एसएसपी मुनिराज जी को अवगत कराया। इसके बाद एत्मादपुर विकास खंड के प्रधानपति के खिलाफ थाना एत्मादपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रधानपतियों को नहीं कोई अधिकार
पंचायती राज विभाग में कार्यरत महिला ग्राम विकास अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि जिन विकास खंडों में महिला प्रधान हैं। उनमें महिलाएं नहीं उनके पति कार्य करते हैं। महिला प्रधान केवल कागज पर दस्तखत को हैं। नियमानुसार प्रधानपति न तो किसी सरकारी कार्य का हिस्सा बन सकते हैं और न ही किसी वीडीओ को ही आदेश-निर्देश दे सकते हैं। इस संबंध में राज्य सरकार के भी स्पष्ट आदेश हैं लेकिन उनका पालन नहीं हो पाता।
महिला ग्राम विकास अधिकारियों के साथ गलत व्यवहार की शिकायतें मिली हैं। आरोपी प्रधानपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गई है।
-ए मनिकंडन, सीडीओ

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)