उप्र चुनाव: योगी सरकार के इन मंत्री और विधायकों को नहीं मिलेगा टिकट

Youth India Times
By -
0

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिया जीत का मंत्र
आगरा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगरा में स्पष्ट संकेत दिए कि जनता के बीच नॉन परफार्मिंग (खराब प्रदर्शन करने वाले) मंत्रियों और विधायकों के टिकट कट सकते हैं। इसलिए उनकी कोई उपलब्धि है तो उसे जनता के बीच लाएं। अपने कार्यों का दस्तावेज (बुकलेट) बनाएं। नड्डा ने ब्रज क्षेत्र के भाजपा जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का खाका ही नहीं खींचा बल्कि तीसरी लहर के मद्देनजर सेवाभाव का मंत्र भी दिया। स्थानीय होटल में संगठन की विभिन्न बैठकों के साथ चिकित्सकों के सम्मान समारोह में भी भाजपा अध्यक्ष ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शिरकत की। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 बेहद करीब हैं। अब कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में लगें। केंद्र के साथ राज्य सरकार की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। बूथ को मजबूत बनाएं। प्रवास की संख्या बढ़ाएं। संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को शत-प्रतिशत जमीन पर उतारना है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए हमें हर समय विचार करना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज में हुए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी के अलावा फिरोजाबाद और एटा में बन रहे मेडिकल कॉलेज, आगरा में प्रस्तावित छत्रपति शिवाजी महाराज के संग्रहालय आदि विषयों को रखा। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदाधिकारियों से आपस में सामंजस्य स्थापित कर चुनाव में जीजान से जुटने के लिए कहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)