छठी शादी करने जा रहे थे पूर्व मंत्री, मुकदमा दर्ज

Youth India Times
By -
0

आगरा। पूर्व मंत्री चौधरी बशीर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। आगरा के मंटोला थाने में उनके खिलाफ उनकी पत्नी नगमा ने तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि उसे तलाक दिए बिना चौधरी बशीर छठवां निकाह करने जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मुकदमे के बाद जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी को पकड़ा नहीं गया है। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो भी वायरल किया है। जिसमें यह बताया है कि इस बार उसके शौहर किससे निकाह करने जा रहे हैं।
गोबर चौकी, ताजगंज निवासी नगमा के अनुसार उनका निकाह नवंबर 2012 में मंटोला निवासी पूर्व मंत्री चौधरी बशीर के साथ हुआ था। दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आठ और छोटा बेटा सात साल का है। नगमा का आरोप है कि निकाह के बाद उसका उत्पीड़न हो रहा है। वह पिछले तीन साल से बच्चों के साथ मायके में रह रही है। पति से कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। कोरोना के कारण कोर्ट बंद रही थीं। इसलिए उसे इंसाफ नहीं मिल पाया। कोर्ट खुल चुकी हैं। उसे पूरी उम्मीद है कि जल्द इंसाफ मिलेगा। उसका चौधरी बशीर से तलाक नहीं हुआ है। उसे परिचितों से जानकारी हुई कि उसके शौहर छठवां निकाह करने जा रहे हैं। इस बार बशीर अपने नौकर की बहन से निकाह करने जा रहे हैं। वह भी शादीशुदा है। उसका भी अपने पति से तलाक नहीं हुआ है। जानकारी पर वह अपनी ससुराल गई। ताकि शौहर से बात कर सके। वहां उसके साथ अभद्रता की गई। उसे धक्के देकर भगा दिया गया। वह थाने पहुंची। वहां भी सुनवाई नहीं हुई। नगमा ने इस संबंध में एसएसपी से शिकायत की थी। एसएसपी के आदेश पर मंटोला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना पुलिस का कहना है विवेचना में साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर नगमा का एक वीडियो वायरल हुआ है। उसमें वह बोल रही हैं कि काजी हो या मौलाना जो उनके शौहर का निकाह पढ़ेगा वह उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करेंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगी। उन्हें बताएंगी कि पूर्व मंत्री ने उनका किस तरह शारीरिक व मानसिक शोषण किया है। वर्ष 2013 में चौधरी बशीर को जेल भी जाना पड़ा था। पत्नी की तहरीर पर उनके खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और आप्राकृतिक कृत्य का मुकदमा दर्ज हुआ था। तत्कालीन एसएसपी सुभाष चंद दुबे ने उन्हें गिरफ्तार कराया था। उन्हें भेजा गया था। उस समय वह फिरोजाबाद से लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)