उत्तर प्रदेश कांग्रेस के 2 नेताओं ने पार्टी से दिया इस्तीफा

Youth India Times
By -
0

कहा- वफादार सदस्यों की हो रही उपेक्षा

रिपोर्ट-अशोक जायसवाल
बलिया।एक तरफ आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फ़िर अपनी धाक जमाने के लिए कांग्रेस प्रियंका गांधी को प्रोजेक्ट कर रही है वहीं पार्टी के रवैये से नाराज पुराने कार्यकर्ता कांग्रेस से इस्तीफा देने का कार्य कर रहे हैं। इस मर्तबा अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के दो सदस्यों राजेश सिंह व शैलेंद्र सिंह ने पार्टी पर पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अभी पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का सदमा कांग्रेस अभी झेल ही नहीं पाई थी कि रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सदस्यों शैलेंद्र सिंह व राजेश सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को अपना त्याग पत्र भेज दिया। अपने इस कदम के लिए उन्होंने पार्टी पर दोषारोपण करते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी में पुराने कार्यक्रमों की उपेक्षा की जा रही है।
राजेश सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि वह छात्र जीवन से ही कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता रहे और पिछले 25 साल से एनएसयूआई, युवक कांग्रेस तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विभिन्न पदों पर रहे। सिंह ने कहा कि इस दौरान वह अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सदस्य भी निर्वाचित हुए। कहा कि कांग्रेस के मौजूदा माहौल एवं पुराने कांग्रेसियों की उपेक्षा के कारण वह त्यागपत्र दे रहे हैं। उधर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सदस्य शैलेंद्र सिंह ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भेजे गए अपने त्यागपत्र में कहा है कि वह पिछले 15 वर्ष से जनसेवा एवं कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहे और वर्तमान समय में वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सह प्रभारी तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मनोनीत सदस्य हैं। कहा कि निष्ठावान एवं पुराने कांग्रेसियों की उपेक्षा के कारण वह त्यागपत्र दे रहे हैं और कांग्रेस के दोनों नेताओं ने अपने इस फैसले की जानकारी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को भी दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)