आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम किया सड़क रिपोर्ट-अशोक जायसवाल बलिया। नगरा -गड़वार मार्ग स्थित कुरेजी टावर के समीप शुक्रवार की रात एक कार की चपेट में आने से साइकिल सवार दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों द्वारा घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे मजदूर की भी ईलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद जहां दोनों परिवार में कोहराम मच गया वहीं आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर घटना स्थल पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करा दिया। उधर घटना को अंजाम देकर चालक वाहन सहित फरार होने में सफल रहा। घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि सवन निवासी मजदूर हरिश्चन्द्र राम (42) व राजू राम (20) शुक्रवार की रात साढ़े 8 बजे मजदूरी के बाद एक ही साइकिल पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया जहां चिकित्सकों ने हरिश्चंद्र को मृत घोषित कर दिया वहीं इलाज के दौरान उसके दूसरे साथी राजू ने भी दम तोड़ दिया। मजदूरों की मौत की खबर सुनते ही शनिवार की सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के पास की सड़क जाम कर मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। एसडीएम रसड़ा ने घटनास्थल पहुंच कर आक्रोशित भीड़ को समझा बुझाकर शान्त कराया।