दबंगों ने प्रेमी युगल को पीटा, किशोरी के उतारे कपड़े

Youth India Times
By -
0

वीडियो में दिखी आरोपियों की दरिंदगी, दो गिरफ्तार
भोजपुर मुरादाबाद। अमरूद की बाग में प्रेमी के साथ बैठी किशोरी के साथ दो दबंग युवकों ने अभद्रता किया। भोजपुर थाना क्षेत्र की इस शर्मनाक घटना में आरोपियों ने किशोरी के कपड़े खींच कर उतार दिए। इतना ही नहीं इसकी वीडियो बनाकर आरोपियों ने सोशल मीडिया पर डाल दिया। घटना के पांच दिन बाद वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लिया। इसके बाद किशोरी के पिता की तहरीर पर दो अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों युवकों को पहचान कर पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्ति ने भोजपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी पांच दिन पहले अपनी मां के साथ भोजपुर कस्बे में मौसी के घर गई थी। वहां से दोपहर 11 बजे किशोरी रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के गांव निवासी प्रेमी के साथ उसकी बाइक पर घूमने के लिए निकली थी। दोनों बालूभूड़ा रोड पर अमरूद की एक बाग में बैठे थे। आरोप लगाया कि वहां पहुंचे दो युवकों ने किशोरी के साथ मारपीट और अश्लील हरकतें की। किशोरी के कपड़े खींच कर उसे पहनने भी नहीं दिए।
आरोपियों ने आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। किशोरी के पिता के अनुसार घटना से उसकी बेटी को मानसिक आघात पहुंचा है। वह सदमे में है। किशोरी के पिता की तहरीर पर गुरुवार देर रात करीब दो बजे दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट के साथ ही आईटी एक्ट की धारा 66ई और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया। शुक्रवार सुबह करीब 12 बजे तक पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान भी कर ली।
एसएचओ भोजपुर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान भोजपुर के गांव रानी नांगल निवासी अरशद और सईद के रूप में हुई है। आरोपी सईद वीडियो बना रहा था और आरोपी अरशद किशोरी से अश्लीलता करते हुए वीडियो में कैद हुआ है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
भोजपुर थाना क्षेत्र से किशोरी और उसके प्रेमी के साथ अभद्रता ओर अश्लीलता की जो वीडियो वायरल हुई है वह मात्र दो मिनट आठ सेकेंड की है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि दोनों आरोपियों को देख युवक और किशोरी असहज हो जाते हैं। इसके बाद हाथ में डंडा लिए एक आरोपी लड़के को पीटना शुरू कर देता है। इस दौरान किशोरी अपने कपड़े ठीक करती है तो आरोपी उसे कपड़े नहीं पहनने देता।
उसके कपड़े खींच कर नग्नावस्था की वीडियो बनाता है। वीडियो बनाने के दौरान प्रेमी युगल दोनों आरोपियों से हाथ जोड़कर वीडियो न बनाने के लिए गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं दोनों यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि उनकी जान चली जाएगी। गुहार लगाने के बाद भी आरोपी लगातार वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते रहते हैं। एक युवक किशोरी को खींच कर दूसरी ओर ले जाने की कोशिश करता नजर आया है। जबकि प्रेमी बीच में आकर मार खाते हुए भी किशोरी को बचाने के प्रयास में जुटा दिख रहा है।
एसपी देहात विद्या सागर मिश्र के अनुसार भोजपुर क्षेत्र से वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर इस मामले में मारपीट, छेड़छाड़ के साथ ही आईटी एक्ट और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपियों की पहचान रानी नांगल निवासी अरशद और सईद के रूप में की गई है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
किशोरी से अश्लीलता, मारपीट और छेड़छाड़ करने के आरोपी की पहचान कराने के लिए भोजपुर पुलिस ने फोटो को सोशल मीडिया में वायरल किया था। साथ ही पहचान करके आरोपी की जानकारी देने वालों के लिए पांच हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया गया था। सोशल मीडिया के माध्यम से ही पुलिस आरोपियों की पहचान कर सकी है।
प्रेमी युगल के साथ अभद्रता और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद दो आरोपियों को तो पुलिस ने पहचान करके हिरासत में ले लिया है। लेकिन इस मामले में एक और आरोपी का नाम सामने आ रहा है। सूत्रों की माने तो तीसरे आरोपी ने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल किया था। वीडियो वायरल करने वाला आरोपी भोजपुर ब्लॉक का क्षेत्र पंचायत सदस्य भी है। पुलिस उसके भूमिका की गहनता से जांच पड़ताल करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)