उप्र जिपं अध्यक्ष चुनाव: 50 जिलों में भाजपा-सपा आमने-सामने

Youth India Times
By -
0

लखनऊ। जिला पंचायत अध्यक्ष नामांकन के दौरान भाजपा का दबदबा रहा। 17 जिलों में निर्विरोध निर्वाचन होने से पार्टी में जहां खुशी है वहीं विपक्षियों के पाले में मायूसी छाई है। हालांकि बचे 57 जिलों में से करीब पचास सीटों पर भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर की संभावना जताई जा रही है। मथुरा समेत पश्चिमी यूपी की कुछ सीटों पर बसपा और रालोद से भी भाजपा का मुकाबला होगा।

शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए नामांकन हुआ। इनमें 17 जिलों में तो सिर्फ भाजपा प्रत्याशी ही नामांकन करा पाए लेकिन अन्य जिलों में सपा प्रत्याशियों ने नामांकन कराए हैं। इटावा में जरूर सपा के अंशुल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। 29 जून को नाम वापसी होगी और 3 जुलाई को वोट पड़ेंगे।

वोटरों को अपने पाले में करने की कोशिश हालांकि पहले से ही शुरू है लेकिन नामांकन के साथ ही इसमें और तेजी आ गई है। कई जिलों में पाला बदलने का खेल शुरू हो गया है। सदस्यों को अपने पाले में मिलाने की कोशिशें जारी हैं। भाजपा पर सपा लगातार धमाकाकर सदस्यों को अपने पाले में करने का आरोप लगा रही है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा पंचायत चुनाव में धोखाधड़ी और धांधली कर रही है। वह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक आचरण अपनाए हुए हैं। जिला पंचायत सदस्यों को अध्यक्ष पद पर नामांकन तक करने नहीं दिया गया। तमाम सदस्यों को धमका कर अपने खेमे में करने का प्रयास चल रहा है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा बुनियादी मुद्दों से भटकाने वाली राजनीति कर रही है। कहा, किसान आंदोलन की अनदेखी की गई। किसानों का इतना अपमान कभी किसी सरकार में नहीं हुआ। किसान थोपे गए तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार बड़े व्यापारी घरानों के दबाव में किसानों की मांगों को मानने से इनकार कर रही है।  जिला पंचायत अध्यक्ष पर के नामांकन में शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कृषि मंत्री और सांसद के अंदर जाने को लेकर सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। एसडीएम को कुछ कार्यकर्ताओं ने अपमानजनक शब्द कहा तो वह अंदर चले गए।

थोड़ी देर बाद एसपी पहुंचे तो विधायक भाटपाररानी से उनकी कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। धक्का-मुक्की शुरू होते ही पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सपाइयों को खदेड़ा। पूर्व विधायक गजाला लारी समेत कई सपा कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)