आजमगढ़: पुण्यतिथि पर याद किए गए भारत रत्न स्व. राजीव गांधी

Youth India Times
By -
0

भावपूर्ण तरीके से कांग्रेसजनों ने दी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि
आजमगढ़। देश के संचार क्षेत्र में क्रांति लाने, 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार दिलाने तथा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने जैसे अभूतपूर्व कार्यों को अंजाम देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी शुक्रवार को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जनसमूह ने उन्हें श्रद्धा पूर्वक नमन किया। इस अवसर पर स्व. राजीव की स्मृति में जिला महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए कांग्रेसजनों द्वारा भोजन की व्यवस्था की गई।
कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने शुक्रवार को कोविड-19 का अनुपालन करते हुए स्वर्गीय राजीव जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव जी को याद करते हुए उन्हें युवाओं के प्रेरणा स्रोत एवं देश के उत्थान हेतु दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि देश के संचार क्षेत्र में क्रांति लाने एवं 18 वर्ष के युवाओं को उनके मताधिकार का प्रयोग करने के साथ ही मजबूत पंचायती राज व्यवस्था का श्रेय स्वर्गीय राजीव गांधी को जाता है। अल्प समय में उन्होंने देश के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। श्री सिंह ने कहा कि स्व. राजीव जी ने जब प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला तब देश में कई आतंकी संगठन सक्रिय थे। उनकी चुनौतियों को स्वीकार करते हुए राजीव गांधी ने भारत को एक सूत्र में बांधकर रखा और 21वीं सदी के नए भारत का खाका खींचा। स्व. राजीव जी नेक दिल इंसान होने के साथ ही सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। देश के विकास में उनकी अग्रणी भूमिका सदियों तक याद की जाएगी। उनके बताए गए रास्ते पर चलकर देश के विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत जिलाध्यक्ष की अगुवाई में वहां उपस्थित कांग्रेसजन जिला महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए सांध्य बेला में भोजन व्यवस्था की तैयारी में जुट गए। पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में बेलाल अहमद, पूर्णमासी प्रजापति, तेजबहादुर यादव, रविकांत त्रिपाठी, राना खातून, मुन्नू यादव, अजीत राय, मुन्नू मौर्य, शंभू शास्त्री, प्रदीप यादव आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)