सपा से हारीं भाजपा प्रत्याशी व सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी

Youth India Times
By -
0

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को तगड़ा झटका लगा है। घिरोर ब्लॉक के वार्ड संख्या-18 से जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी संध्या यादव को हार का सामना करना पड़ा है। संध्या यादव सपा को छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं थीं। उन्हें प्रमोद कुमार ने हराया है। प्रमोद कुमार को 7905 वोट मिले हैं, जबकि संध्या यादव को 5998 वोट मिले है। इस सीट पर कुल सात प्रत्याशी मैदान में थे। संध्या यादव सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी हैं। वह सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष रही हैं। पंचायत चुनाव से पहले सैफई परिवार से बगावत कर भाजपा में शामिल हुई थीं। संध्या यादव ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के तौर पर मैनपुरी जिला पंचायत के वार्ड 18 से चुनाव लड़ा था। सपा ने प्रमोद कुमार को उनके सामने मैदान में उतारा था। सपा समर्थित प्रत्याशी ने संध्या यादव को करीब 1900 वोटों से हरा दिया। 
संध्या यादव इससे पहले 14 जनवरी 2015 को समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के तौर पर मैनपुरी जिला पंचायत की अध्यक्ष चुनी गईं थीं। सात जुलाई 2015 को सदर सीट से सपा विधायक राजकुमार उर्फ राजू की अगुवाई में एक धड़ा उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था, लेकिन उस वक्त संध्या को भाजपा का सहयोग मिल गया था और उनके खिलाफ प्रस्ताव गिर गया था। उसके बाद से संध्या और उनके पति भाजपा में शामिल हो गए थे। जिले में रविवार से जारी पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद अब तक कई पदों के नतीजे आ चुके हैं। रविवार को सुबह नौ ब्लॉक पर वोटों की गिनती का काम शुरू हुआ। न्याय पंचायतवार टेबिलों मतों की गणना हुई। कुरावली में पहले राउंउ में ही परिणाम आना शुरू हो गए थे तो वहीं अन्य ब्लॉकों में दोपहर बाद परिणाम आने का सिलसिला शुरू हुआ। अधिकारी भी लगातार मतगणना स्थलों का निरीक्षण करते रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)