कोरोना का कहर, 24 घंटे में 2255 की मौत

Youth India Times
By -
0

नई दिल्ली। देश में 24 घंटों के दौरान 3.32 लाख से अधिक कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं। किसी भी देश में एक दिन में संक्रमण के इतने ज्यादा मामले आने का यह नया रिकार्ड है। इन नए मामलों के साथ देश में अब तक कोरोना से 1,62,57,164 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 1,36,41,572 लोग ठीक भी हो चुके हैं। फिलहाल देश में कोरोना के 24.21 लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं।
गुरुवार रात 12.15 बजे मिली जानकारी के अनुसार 24 घंटे में देश में 3,32,175 कोरोना के नए मामले आए। इस दौरान 2,255 और लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,86,927 हो गई। फिलहाल देश में 24,21,970 सक्रिय मामले हैं।
उधर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार सुबह आठ जो आंकड़े जारी किए उनके अनुसार, 24 घंटे की अवधि में 3,14,835 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं 2,104 लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,84,657 हो गई। अकेले महाराष्ट्र में 568 लोगों की मौत हुई। लगातार बढ़ते मामलों से ठीक होने की दर गिरकर 84.46 फीसद हो गई। जबकि बीती 8 फरवरी को ठीक होने की दर 97.2 फीसद दर्ज की गई थी।
नए मामलों में लगातार 43वें दिन बढ़ोतरी देखी गई। इसके साथ सक्रिय मामले बढ़कर 22,91,428 हो गए जो संक्रमण के कुल मामलों का 14.38 फीसद हैं। फिलहाल मृत्यु दर 1.16 फीसद रह गई है। देश में 7 अगस्त को कोरोना संक्रमण के मामले 20 लाख के पार हुए थे। इसी तरह 16 सितंबर को 50 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार हुआ। जबकि 19 अप्रैल को संक्रमितों की संख्या 1.50 करोड़ के पार हुई।
आइसीएमआर के अनुसार 21 अप्रैल तक 27,27,05,103 नमूनों की जांच की गई जबकि अकेले बुधवार को 16,51,711 नमूनों की जांच हुई।
कोरोना से 24 घंटों के दौरान जिन 2,104 लोगों की जान गई उसमें से सर्वाधिक 568 लोग महाराष्ट्र के रहे। इसके बाद से दिल्ली से 249, छत्तीसगढ़ से 193, उत्तर प्रदेश से 187, गुजरात से 125 और कर्नाटक से 116 लोगों ने जान गंवा दी। देश में अब तक कुल 1,84,657 मौतें हुई हैं जिनमें महाराष्ट्र से 61,911, कर्नाटक से 13,762, तमिलनाडु से 13,258, दिल्ली से 12,887, बंगाल से 10,710, उत्तर प्रदेश से 10,346, पंजाब से 8,114 और आंध्र प्रदेश से 7,510 शामिल हैं।
24 घंटों में सामने आए 3,14,835 मामलों में 75 फीसद हिस्सेदारी 10 राज्यों की हैं। ये दस राज्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान हैं।

Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)