आज़मगढ़ : भाजपा प्रदेश महामंत्री का आरोप विश्वविद्यालय नहीं बनने दे रहे सपा के पूर्व मंत्री

Youth India Times
By -
0




भाजपा प्रदेश महामंत्री द्वारा लगाया गया आरोप बेबुनियाद और निराधार-हवलदार
यह आरोप हास्यास्पद है आजमगढ़ की जनता को बरगलाया जा रहा है-प्रवीण
आज़मगढ़। भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता द्वारा विश्वविद्यालय की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया। वहां पर पहले से मौजूद ग्रामीणों से मिलकर विश्वविद्यालय की भूमि पर निर्माण कराने की बात मुख्यमंत्री तक ले जाने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री आदित्य नाथ से मिलकर अवगत कराउंगा की विश्वविद्यालय को इधर से उधर करने की साजिश सपा के पूर्व मंत्री बलराम यादव के स्तर से की जा रही है। इस साजिश को सफल नहीं होने दूंगा।



भाजपा के प्रदेश महामंत्री के आरोप को निराधार बताते हुए सपा के निवर्तमान जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नीयत साफ नहीं है वह नहीं चाहते कि आजमगढ़ में विश्वविद्यालय बने। भाजपा प्रदेश महामंत्री द्वारा लगाया गया आरोप बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत की सरकार के प्रदेश महामंत्री द्वारा यह आरोप लगाना साफ जाहिर करता है कि आजमगढ़ के लिए उनकी नियत साफ नहीं है। वे आजमगढ़ की जनता से झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में विकास की एक-एक ईंट सपा सरकार में रखी गई है, चाहे वह पीजीआई हो, हवाई पट्टी या चीनी मिल हो।
इस बाबत कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि यह हास्यास्पद बातें हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री क्या बताएंगे कि विश्वविद्यालय कौन बनने दे रहा है कौन नहीं, अगर बताना हो तो या बात स्वयं मुख्यमंत्री बताएं आजमगढ़ में विश्वविद्यालय बनाना चाहते हैं कि नहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री द्वारा झूठ बोलकर आजमगढ़ की जनता को बरगलाया जा रहा है।


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)