लड़की की रेप के बाद हत्या कर अर्द्धनग्न शव तालाब में फेंका

Youth India Times
By -
0


आगरा। आगरा के जंगल में शुक्रवार को गला घोंटकर 14 वर्षीय किशोरी की हत्या कर दी गई। शव अर्द्धनग्नावस्था में तालाब में पड़ा मिला। गले में दुपट्टे का फंदा था। शव की हालत देखकर ग्रामीण घटना को दुराचार के बाद हत्या की बता रहे हैं। परिजनों का भी यही आरोप है। किशोरी की हत्या से ग्रामीण आक्रोशित हैं। पुलिस को मौके से शव बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसएसपी के निर्देश पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया।
किशोरी के पिता सब्जी की ठेल लगाते हैं। उसकी मां ने बताया कि वह नहा रही थी। बेटी शौच के लिए घर से निकली। घर से 200 मीटर दूर जंगल है। बेटी वहां गई थी। एक घंटे बाद भी जब बेटी नहीं लौटी तो उन्हें चिंता हुई। पति के साथ वह बेटी की तलाश में जुट गईं। पूरा गांव खंगाल मारा। जंगल में हर तरफ देख लिया। कहीं बेटी का सुराग नहीं मिला। शाम करीब चार बजे बकरी चराने वाला एक बाबा मिला। उसने कहा कि तालाब में कोई लड़की पड़ी है। वे दौड़कर वहां पहुंचे। शव मुंह के बल पड़ा था। शव मिलते ही गांव में हल्ला मच गया। सूचना पर हरीपर्वत, न्यू आगरा, सिकंदरा, कमला नगर थाने का फोर्स पहुंच गया।
फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को बुला लिया गया। पुलिस ने जांच के लिए ग्रामीणों को घटना स्थल से दूर कर दिया। शव को निकालकर एक टेंपो में रखा गया। ग्रामीण टेंपो के आगे आ गए। यह कहने लगे कि पहले घरवाले बिटिया का चेहरा देखेंगे। उसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जाएगा। पुलिस ने जैसे-तैसे ग्रामीणों को समझाया। सूचना पर आईजी रेंज ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद भी मौके पर पहुंच गए।
भाजपा विधायक मौके पर पहुंचे, समझाया
घटना की सूचना पर भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मौके पर पहुंच गए। उस समय गांव की गली में सैकड़ों की भीड़ थी। विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि बिटिया को इंसाफ मिलेगा। कातिल पकड़ा जाए। वह सहयोग करें। पुलिस को जांच करने दें। उन्होंने भीड़ को समझाया। विधायक ने अपनी मौजूदगी में शव को गांव से बाहर निकलवाया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)