आजमगढ़ : जमीन की धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर दोबारा बिक्री करने के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

वसीयत और वरासत में हेराफेरी कर एक ही जमीन दोबारा बेचने का आरोप
आजमगढ़। जमीन की धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एक ही जमीन को दोबारा बेचने के मामले में जीयनपुर पुलिस ने मंगलवार को पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हुसैन मोहम्मद पुत्र स्व. सैय्यद अली और उनकी पत्नी खुर्शीद फातिमा के रूप में हुई है। दोनों बिलरियागंज थाना क्षेत्र के इमलीपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें आजमगढ़ शहर के सीताराम मोहल्ले स्थित मकान नंबर 181 से सुबह करीब 9:25 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को जीयनपुर थाना क्षेत्र के सुंदर सराय बल्लो गांव निवासी सुभावती पत्नी पतिराम यादव ने तहरीर देकर जमीन की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की थी। आरोप था कि वर्ष 2017 में उनके पिता ने अपनी बहुओं के नाम जमीन की वसीयत की थी। इसकी जानकारी होने के बावजूद आरोपितों ने कथित तौर पर जमीन का दोबारा अपने नाम वरासत करा लिया और उसे बेच दिया। इसके बाद आरोपितों ने अपनी पत्नियों के नाम दोबारा वसीयत कराकर उसी जमीन की फिर से बिक्री कर दी। इस प्रक्रिया में सीता यादव को भी जमीन बेचे जाने का आरोप है। मामले में जीयनपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 388/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने धारा 338 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा ने हमराह पुलिस बल के साथ दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ जीयनपुर थाने में दर्ज मुकदमे के अलावा वर्ष 2024 में कोतवाली आजमगढ़ में भी धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में एक अन्य मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, कांस्टेबल राजू यादव और महिला कांस्टेबल सपना सरोज शामिल रहीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)