तमसा-मंजुसा संगम पर भोर चार बजे से शुरू हुआ स्नान, दो दिवसीय मेले में जमकर हुई खरीदारी; सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थस्थल महर्षि दुर्वासा की तपोस्थली दुर्वासा धाम स्थित तमसा-मंजुसा संगम पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना की और गरीबों एवं असहायों को अन्न तथा अन्य वस्तुओं का दान कर पुण्य अर्जित किया। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा पर दुर्वासा धाम में दो दिवसीय मेले का आयोजन हुआ। स्नान पर्व से एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंगलवार भोर करीब चार बजे से ही संगम पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने स्नान-ध्यान और पूजन के बाद मेले में पहुंचकर जमकर खरीदारी की और फिर अपने घरों की ओर रवाना हुए मेले में खेती-किसानी से लेकर घरेलू उपयोग की वस्तुओं तक की दुकानें सजी रहीं। सूप, हाथा, टोकरी, कढ़ाई, सील-बट्टा, मूसल और हंसिया सहित दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाले सामानों की खूब बिक्री हुई। वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की वस्तुओं की खरीदारी की। मिठाई की दुकानों पर खाजा, लाई, गट्टा और फल की दुकानें भी आकर्षण का केंद्र रहीं। मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए झूले, चरखी और जादू के खेल का भी इंतजाम किया गया था। धार्मिक आस्था के साथ खरीदारी और मनोरंजन का संगम देखने को मिला। पूरे मेला क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा की दृष्टि से दुर्वासा धाम में पुलिस चौकी स्थापित की गई थी। घाटों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ पुलिस, पीएसी और होमगार्ड के जवान मुस्तैद रहे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र से करीब एक किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोक दिया गया था, जबकि भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दुर्वासा धाम में धार्मिक आस्था, परंपरा और ग्रामीण मेले की रौनक एक साथ देखने को मिली।

