आजमगढ़ : एडीजी नवीन अरोड़ा ने किया आजमगढ़ पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा

Youth India Times
By -
0

 

लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण और जनशिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश
आजमगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी नवीन अरोड़ा ने सोमवार को जनपद आजमगढ़ का वार्षिक निरीक्षण-2026 किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों, व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। साथ ही पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर गार्द द्वारा अपर पुलिस महानिदेशक को सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, आंकिक शाखा, डीसीआरबी समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव और कार्यों के समयबद्ध निस्तारण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, विवेचनाओं की गुणवत्ता, लंबित अभियोगों और जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। इसके अलावा वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने तथा लंबित विवेचनाओं और अभियोगों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान कराने पर भी जोर दिया।
समीक्षा गोष्ठी के बाद पुलिस लाइन आजमगढ़ में अपर पुलिस महानिदेशक ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इस दौरान उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए। उन्होंने जनहित एवं सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद गणमान्य नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों और विभिन्न व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की गई। इसमें जनपद में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आपसी सहयोग की अपील की गई। प्राप्त सुझावों और समस्याओं पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा ने जनपद के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। उन्होंने वार्षिक निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा, पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था तथा जनपद में संचालित विभिन्न पुलिस अभियानों और जनहितकारी कार्यों की जानकारी साझा की। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों का जवाब भी दिया।
वार्षिक निरीक्षण के माध्यम से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा के साथ ही अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)