कोतवाली और बरदह पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में करीब 7.30 लाख रुपये के 760 किलोग्राम पटाखे व विस्फोटक सामग्री बरामद
दीपावली से पहले अवैध भंडारण और चोरी-छिपे बिक्री का खुलासा, तीन दुकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने की कार्रवाई
आजमगढ़। दीपावली के त्योहार को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कोतवाली और बरदह पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छापेमारी कर तीन दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल करीब 760 किलोग्राम अवैध पटाखे एवं अन्य विस्फोटक व ज्वलनशील सामग्री बरामद की है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 7.30 लाख रुपये बताई गई है। पहली कार्रवाई थाना कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका क्षेत्र में की। प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक दुकान पर छापेमारी कर आदर्श गर्ग पुत्र श्रीनाथ दास अग्रवाल निवासी कुर्मीटोला, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दुकान से आठ बड़े गत्तों और दो प्लास्टिक की बोरियों में रखे करीब 3.5 क्विंटल अवैध पटाखे एवं अन्य विस्फोटक-ज्वलनशील सामग्री बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। मामले में मु0अ0सं0 570/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1)(ए)(बी) तथा बीएनएस की धारा 287/288 में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी कार्रवाई थाना बरदह पुलिस ने ठेकमा बाजार में की। पांच नवंबर की रात पुलिस ने अलग-अलग दो दुकानों पर छापेमारी कर दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई में अजय एण्ड राम जनरल स्टोर के संचालक अजय कुमार वरनवाल उर्फ रिंकू निवासी दीक्षितपुर उर्फ संकल्पपुर को गिरफ्तार कर दुकान से 280 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई है। इसी क्रम में पुलिस ने आशीष पुस्तक भंडार के संचालक अभिषेक गुप्ता निवासी ठेकमा बाजार को गिरफ्तार किया। उसकी दुकान से 100 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपये है। बरदह पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ क्रमशः मु0अ0सं0 347/2026 और 348/2026 के तहत बीएनएस की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक तीनों दुकानों से कुल करीब 760 किलोग्राम पटाखे एवं विस्फोटक-ज्वलनशील सामग्री बरामद हुई है। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 7.30 लाख रुपये है। सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय और बरदह थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

