आजमगढ़ : संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

Youth India Times
By -
0

300 मीटर दूर लावारिस हालत में मिली स्कूटी; हत्या और सड़क हादसे दोनों पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़। जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर बरदह थाना क्षेत्र के जिवली स्थित सरकारी समिति गोदाम के पास बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। युवक का शव देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मौके पर युवक के शव के पास काफी खून फैला हुआ था। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जबकि पैरों की तरफ भी खून के निशान मिले। शरीर के अन्य हिस्सों पर कोई स्पष्ट चोट दिखाई नहीं दे रही थी। घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर हाईवे की दूसरी पटरी पर एक स्कूटी लावारिस हालत में बरामद हुई। आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी मृतक की हो सकती है। उसकी चाबी शव के पास ही पड़ी मिली। स्कूटी पर गुजरात का रजिस्ट्रेशन नंबर (GJ 27 CK 9856) दर्ज है। पुलिस ने स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया है।
युवक की मौत को लेकर मौके पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव को सड़क हादसे का रूप देने की आशंका जताई। वहीं, यह संभावना भी व्यक्त की जा रही है कि हाईवे से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की जान गई हो। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है या उसकी हत्या कर शव यहां फेंका गया है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)