एमपी-एमएलए कोर्ट में अर्जी दाखिल, बढ़ सकती हैं मुश्किलें
लखनऊ। विभूतिखंड में हुए मोहम्मदाबाद गोहना के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख अजीत सिंह हत्याकांड में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मामले में हत्या और साजिश रचने के आरोप तय करने की मांग को लेकर वादी मोहर सिंह की ओर से एमपी-एमएलए कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई है। विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने अर्जी पर सुनवाई और निस्तारण के लिए एक दिसंबर की तारीख निर्धारित की है। वादी मोहर सिंह की ओर से अधिवक्ता आरके यादव ने अदालत में यह अर्जी पेश की। इसमें आरोप लगाया गया है कि अजीत सिंह, विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू हत्याकांड के गवाह थे। इसी रंजिश के चलते धनंजय सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अजीत सिंह की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलाने में भूमिका निभाई। इस घटना में मोहर सिंह भी घायल हुए थे। अर्जी में पूर्व सांसद पर आरोप लगाया गया है कि विधायक और सांसद रहते हुए उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन में अपना प्रभाव स्थापित किया था। इसी प्रभाव का इस्तेमाल विरोधियों को फर्जी मुकदमों में फंसाने या उन्हें रास्ते से हटाने के लिए किया जाता था। मोहर सिंह की ओर से दावा किया गया है कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान कई गवाहों के बयान से धनंजय सिंह की कथित भूमिका सामने आई है। अर्जी में यह भी आरोप लगाया गया है कि अजीत सिंह की हत्या की योजना बनाने, उसे अंजाम तक पहुंचाने तथा वारदात के लिए जरूरी संसाधन और धन उपलब्ध कराने में पूर्व सांसद की भूमिका रही। अर्जी की प्रति धनंजय सिंह की ओर से प्राप्त कर ली गई है। अदालत ने इस अर्जी पर आपत्ति दाखिल करने का अवसर देते हुए सुनवाई के लिए एक दिसंबर की तारीख तय की है।
अदालती पत्रावली के मुताबिक, अजीत सिंह हत्याकांड की रिपोर्ट सात जनवरी 2021 को घायल मोहर सिंह ने विभूतिखंड थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, मोहर सिंह और अजीत सिंह कठौता चौराहे पर खरीदारी करने के बाद सामान सड़क किनारे खड़ी अपनी गाड़ी में रख रहे थे। इसी दौरान कन्हैया विश्वकर्मा उर्फ डॉक्टर अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचा और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
गोलीबारी में मोहम्मदाबाद गोहना के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख अजीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि मोहर सिंह घायल हो गए थे। अब इस मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ आरोप तय करने की मांग वाली अर्जी पर अदालत के आगामी फैसले पर निगाहें टिकी हैं।

