![]() |
| फोटो ai |
हाईकोर्ट ले जाकर कोर्ट मैरिज के नाम पर युवती के फोटो और हस्ताक्षर कराने का आरोप, खुद को शादीशुदा समझती रही पीड़िता
शामली। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर शादी के वादों तक पहुंच गई, लेकिन जब रिश्ता शादी के मुकाम पर पहुंचने लगा तो कथित तौर पर प्रेमी ने कदम पीछे खींच लिए। मामला उत्तर प्रदेश के शामली का है, जहां इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती करने वाले एक PAC सिपाही पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगा है। युवती का आरोप है कि आरोपी उसे कोर्ट मैरिज कराने के नाम पर हाईकोर्ट भी ले गया और वहां फोटो व हस्ताक्षर कराकर दस्तावेज तैयार करा लिए। हालांकि, बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के मुंडेट कलां निवासी आकाश से हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं। आरोप है कि कुछ समय बाद आकाश अपने चचेरे भाई के साथ युवती के घर पहुंचा और शादी का भरोसा देकर उसे अपने विश्वास में ले लिया। पीड़िता के मुताबिक, 10 मई को आरोपी उसे एक होटल में ले गया। वहां रिसेप्शन पर आधार कार्ड जमा कराने के बाद कमरे में उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि उसने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी थी, लेकिन उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की। युवती ने आरोप लगाया कि पहली घटना के बाद भी आरोपी शादी का आश्वासन देता रहा और उसे कई बार होटल तथा अपने घर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती ने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने गढ़ीपुख्ता थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत के बाद आरोपी अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और शादी करने का आश्वासन देकर युवती को अपने साथ ले गया। पीड़िता के अनुसार, 2-3 नवंबर को आरोपी उसे हाईकोर्ट ले गया। वहां कोर्ट मैरिज कराने की बात कहकर उसके फोटो और हस्ताक्षर करा लिए गए, लेकिन तैयार किए गए दस्तावेज उसे नहीं दिखाए गए। आरोपी ने उन कागजात को शादी के दस्तावेज बताकर अपने पास रख लिया। युवती का कहना है कि वह इसी भरोसे में रही कि उसकी शादी हो चुकी है, लेकिन बाद में आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इस घटनाक्रम के बाद उसके परिजनों ने भी उसे घर में रखने से मना कर दिया। परेशान होकर आखिरकार युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि आरोपी आकाश नोएडा में PAC में सिपाही के पद पर तैनात है। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

