मां दुर्गा की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ, लोक संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजने का दिया संदेश
आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर से सटे अजमतपुर कोडर स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रांगण में डांडिया नृत्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मोनिका शर्मा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सरायमीर की प्राचार्य डॉ. संध्या वर्मा, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष सरस्वती देवी तथा प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के मनमोहक समूह नृत्य से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य ध्रुव चंद्र ने सभी अतिथियों को नारियल, चुनरी एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डॉ. मोनिका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पर्व-त्योहार हमें अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं की याद दिलाते हैं। ऐसे आयोजन लोगों को एक साथ लाकर उत्सव में भागीदारी का अवसर प्रदान करते हैं। इनके माध्यम से हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही नई पीढ़ी को पुरानी संस्कृति और सभ्यता से परिचित कराते हैं। इसके बाद सामूहिक डांडिया नृत्य का दौर शुरू हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डांडिया की धुन पर थिरकते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सीताराम पांडेय, रवि श्रीवास्तव, योगाचार्य लौटू मौर्य, उपप्राचार्य प्रीति श्रीवास्तव, रुचि श्रीवास्तव, सरिता पांडेय, सुनील दत्त विश्वकर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं ने किया।

