आजमगढ़ : लाइफ लाइन एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में सतर्कता जागरूकता रैली, भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद की आवाज

Youth India Times
By -
0
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर निकली रैली, छात्रों ने ईमानदारी, पारदर्शिता और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश; स्वास्थ्य जागरूकता शिविर भी आयोजित
सतर्कता जागरूकता सप्ताह जैसे आयोजनों से समाज के प्रत्येक वर्ग में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति बढ़ती है जागरूकता- डॉ. सुमन यादव, निदेशक
आजमगढ़। केंद्रीय सतर्कता आयोग के आह्वान पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत लाइफ लाइन एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आजमगढ़ के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जागरूकता रैली निकाली। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। रैली का उद्देश्य सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के साथ ही भ्रष्टाचार के प्रति आमजन को जागरूक करना था। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। छात्रों ने ‘देश की जनता कर रही है पुकार, बंद करो यह भ्रष्टाचार’, ‘भ्रष्टाचार है एक बीमारी, दंडित हो हर भ्रष्टाचारी’, ‘भ्रष्टाचार हटाओ, देश बचाओ’ और ‘भ्रष्टाचार को दूर भगाना है, भारत को विश्व गुरु बनाना है’ जैसे नारे लगाए। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, साक्षरता और स्वच्छता के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। छात्रों ने ‘वाहन धीमा चलाएं, अपनी कीमती जिंदगी बचाएं’, ‘ना शौक ना मजबूरी, हेलमेट पहनना है जरूरी’, ‘साक्षरता हमें जगाती है, शोषण से बचाती है’ और ‘हम सबका है यही सपना, स्वच्छ हो भारत अपना’ जैसे नारों के जरिए समाज को सकारात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर संस्थान की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जागरूक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। संस्थान समूह की निदेशक डॉ. सुमन यादव ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह जैसे आयोजनों से समाज के प्रत्येक वर्ग में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि यदि जन-जन भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक हो जाए और अपने आचरण में सत्यनिष्ठा अपनाए, तो देश की प्रगति का मार्ग और मजबूत होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ समाज का निर्माण करना है तो भ्रष्टाचार का नामोनिशान मिटाना होगा। कार्यक्रम में फार्मेसी के निदेशक एवं विभागाध्यक्ष मोहम्मद आमिर, रिजवान, अजय यादव, सुयोग, शालिनी जायसवाल, मोहम्मद उबेद, अंबेडकर रतन, हर्षित वर्मा, हर्षित पांडेय, ब्यूटी यादव, राधेश्याम और उमेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)