घर लौटने के कुछ देर बाद कमरे में मिला शव; मौत की वजह स्पष्ट नहीं
आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के मिर्जा जगदीशपुर गांव में कक्षा 11 में पढ़ने वाली छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार, परिजनों ने शव को दफना दिया है, हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी इकबाल अंसारी की पुत्री आरजू बागेश्वरी देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। परिजनों के मुताबिक, छात्रा स्कूल से घर लौटी थी। इसके बाद उसकी मां ने उसे खाना खाकर आराम करने के लिए कहा। वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद कमरे में उसका शव मिलने की बात सामने आई। ग्रामीणों का दावा है कि छात्रा पिछले कुछ दिनों से परेशान दिखाई दे रही थी और उसके व्यवहार में भी बदलाव नजर आया था। हालांकि, वह किस बात को लेकर परेशान थी और उसकी मौत कैसे हुई, इस बारे में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में घटना को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। मामले के संबंध में बरदह थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने मामले की जानकारी कराने की बात कही। वहीं, ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार पटेल ने आशंका जताई कि छात्रा बीमार भी हो सकती थी। दूसरी ओर, ग्रामीणों के अनुसार, छात्रा स्कूल गई थी और घर लौटने के बाद यह घटना हुई। एसपी सिटी मानुष पारीक को भी मामले से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि वह मामले को दिखवाएंगे।

