जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश; आईएएस बनकर देश सेवा करना चाहती हैं खुशी
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर की कक्षा 11 की मेधावी छात्रा खुशी सिंह को एक दिन की जिलाधिकारी बनने का अवसर मिला। सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा और जनता दर्शन में आए फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने छात्रा का मार्गदर्शन करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल और आत्मविश्वास विकसित करना है। एक दिन की जिलाधिकारी खुशी सिंह ने जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। खरिहानी बाजार में कथित अवैध क्लिनिक के संचालन से संबंधित शिकायत पर उन्होंने प्रार्थना पत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संदर्भित करते हुए जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर पालिका परिषद आजमगढ़ क्षेत्र में न्यायालय का स्थगन आदेश होने के बावजूद बैनामा किए जाने की शिकायत को मुख्य राजस्व अधिकारी के पास भेजकर नियमानुसार परीक्षण और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। अन्य फरियादियों की शिकायतों को भी सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एक दिन की जिलाधिकारी बनने पर खुशी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए निर्देश देने का अनुभव उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और प्रशासनिक अधिकारियों के दायित्वों को करीब से समझने का अवसर मिला है। उन्होंने संकल्प जताया कि वह मेहनत, धैर्य और लगन से पढ़ाई कर आईएएस बनेंगी तथा समाज और देश की सेवा करेंगी। प्रभारी जिलाधिकारी संजीव ओझा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान बालिकाओं को सशक्त बनाने और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर अतुल आनंद, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार और जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने खुशी सिंह को सिविल सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, समय प्रबंधन, सामान्य अध्ययन और नियमित पढ़ाई की रणनीति के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
