मिशन शक्ति अभियान के तहत जनता दर्शन में मिली थी शिकायत, सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की जांच
आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा खुशी सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने खरियानी बाजार में संचालित एक अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया। जनता दर्शन के दौरान मिली शिकायत पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने जांच के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पंजीकरण नहीं मिलने पर क्लिनिक के खिलाफ कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन कक्ष में आम नागरिकों की समस्याएं सुनने के दौरान खरियानी निवासी शिवकुमार मौर्य ने क्षेत्र में कथित अवैध क्लीनिक संचालित होने की शिकायत की थी। उस समय एक दिन की डीएम की भूमिका निभा रहीं खुशी सिंह ने शिकायत को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय भेजते हुए जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
शिकायत के बाद सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने शुक्रवार को जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम खरियानी बाजार भेजी। टीम में डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल तथा पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान भवन के एक हिस्से में आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार की व्यवस्था पंजीकृत पाई गई। निर्धारित मानकों के अनुरूप होने के कारण इस हिस्से को संचालित रहने दिया गया। वहीं, भवन के अंदरूनी हिस्से में ‘दांत का अस्पताल’ नाम से डेंटल क्लिनिक संचालित मिला। वहां बीडीएस (BDS) का बोर्ड लगा था, लेकिन चिकित्सा प्रतिष्ठान का आवश्यक पंजीकरण नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय क्लिनिक में कोई मरीज मौजूद नहीं था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया। सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित पंजीकरण और अन्य वैधानिक प्रावधानों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के जरिए स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि निजी चिकित्सा सेवाओं के संचालन में निर्धारित नियमों और पंजीकरण संबंधी शर्तों का पालन जरूरी है।

