नरौली बस स्टैंड से बवाली मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण के लिए बिजली के पोल शिफ्ट करने का होगा काम
आजमगढ़। शहर के पुरानी जेल विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्लों में मंगलवार, 27 अक्टूबर को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इस दौरान नरौली बस स्टैंड से बवाली मोड़ के बीच सड़क चौड़ीकरण के लिए विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते 33/11 केवी पुरानी जेल विद्युत उपकेंद्र से संचालित लालडिग्गी, हरवंशपुर और डीएम ऑफिस फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने वाले क्षेत्रों में मातबरगंज, रोडवेज, कुर्मी टोला, गुरु टोला, लालडिग्गी, सदावर्ती, पुरानी सब्जी मंडी, अनंतपुरा, कटरा, कोलघाट, कोलबाज बहादुर, मड़या जयरामपुर और सिविल लाइंस सहित अन्य इलाके शामिल हैं। विद्युत वितरण खंड आजमगढ़ के अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी देते हुए निर्धारित समय के अनुसार अपने जरूरी कार्य पहले से निपटाने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोल शिफ्टिंग के कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

