तहसील में बीएलओ और सुपरवाइजर को दिए निर्देश, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और विवरण में संशोधन पर जोर
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। फूलपुर तहसील सभागार में सोमवार को मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी निकेत वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची में दर्ज गलतियों को दूर करने, पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और विवरण में आवश्यक संशोधन करने को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजर को दिशा-निर्देश दिए गए।एसडीएम निकेत वर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे। इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की गंभीरता से जांच करें और कमियां मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें ठीक कराएं। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 तथा मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 भरने की प्रक्रिया का नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की निर्धारित तिथि तक नियमानुसार नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है, ताकि किसी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार के प्रयोग में परेशानी न हो। बैठक में तहसीलदार गौरव कुमार, नायब तहसीलदार राजाराम, फूलपुर के खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज, पवई के खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार सहित रणधीर चौहान, गौरव कुमार और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

