आजमगढ़ : पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने सहनूपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से की मुलाकात

Youth India Times
By -
0

अजीत विश्वकर्मा के साथ कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के रौनापार थाना अंतर्गत ग्राम सहनूपुर में अजीत विश्वकर्मा के साथ कथित मारपीट, अमानवीय व्यवहार और निर्वस्त्र अवस्था में गांव में घुमाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने के गंभीर मामले में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित के माता-पिता एवं अन्य परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की एक युवती से कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर कुछ लोगों पर अजीत विश्वकर्मा के साथ मारपीट करने और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने थाना रौनापार के थानाध्यक्ष से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा मामले में निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस दौरान पूर्व मंत्री ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि विश्वकर्मा समाज उनके साथ खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह का अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इस अवसर पर अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के जिलाध्यक्ष बीरेंद्र विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा, विश्वकर्मा ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष हरिकेश विश्वकर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)