आजमगढ़ में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का किया खुलासा

34 मुकदमों में नामजद तीनों आरोपियों के कब्जे से बाइक, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अवैध तमंचा बरामद
आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली पुलिस ने चोरी और गृहभेदन की घटनाओं में संलिप्त अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक अवैध तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर सहित विभिन्न थानों में कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, बीते 30 सितंबर की रात देवगांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर सोठौली गांव निवासी रामाशंकर यादव के घर के बरामदे में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो टीवी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। इसके अलावा 10 अक्टूबर को कंजहित गांव निवासी शिवशंकर के घर में घुसकर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में देवगांव पुलिस टीम जुटी हुई थी। इसी क्रम में 30 अक्टूबर की रात करीब 1:50 बजे पुलिस ने मेहनाजपुर रोड स्थित मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चांदी की तीन जोड़ी पायल, 15 बिछिया, पीली धातु की एक चेन और 1,510 रुपये नकद बरामद हुए। इसके साथ ही एक .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजय राय निवासी रामचन्द्रपुर थाना देवगांव, सुमित उर्फ सोनू सिंह निवासी अहिरौली थाना मेहनगर और संतोष सिंह निवासी तिलहुआ थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त संजय राय के खिलाफ 10, सुमित उर्फ सोनू सिंह के खिलाफ पांच और संतोष सिंह के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह तीनों के खिलाफ कुल 34 मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। इनमें चोरी, लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। संतोष सिंह के खिलाफ जौनपुर जिले के थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने चोरी की दोनों घटनाओं में बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई की है। वहीं, अवैध तमंचा बरामद होने के मामले में संजय राय के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुल्तान खान, शकील अहमद खान सहित देवगांव थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)