प्रबंधक ने कार्यालय प्रमुख और डायरेक्टर पर लगाया आरोप
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर स्थित विवेकानंद पब्लिक स्कूल की फीस के करीब पांच लाख रुपये गबन करने और विद्यालय की किताबें लेकर फरार होने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। विद्यालय के प्रबंधक ज्ञानेंद्र मिश्रा ने प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली जीयनपुर को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि गोधपुर किशुनदासपुर निवासी विष्णु यादव और उनके पिता शैलेंद्र यादव को विद्यालय में क्रमशः कार्यालय प्रमुख और डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। आरोप है कि दोनों विद्यालय में जमा होने वाली फीस की रकम अपने व्यक्तिगत फोन-पे नंबर पर मंगवाते थे। इसके अलावा नकद फीस की रकम भी विद्यालय के लेजर में दर्ज नहीं की जाती थी। प्रबंधक के अनुसार, दोनों के पास फीस की बड़ी रकम जमा होने के बाद वे करीब दो लाख रुपये की किताबें और नकदी लेकर चले गए। शिकायत में बताया गया है कि किताबें उनके घर से बरामद कर ली गई हैं, लेकिन फीस के करीब पांच लाख रुपये का अब तक हिसाब नहीं दिया गया है। आरोप है कि दोनों अपने मोबाइल फोन बंद कर लापता हैं और रकम के संबंध में कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालय की धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। शिकायत के साथ फोन-पे लेनदेन के कुछ स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

