स्कूल से घर जा रही छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी और इशारे करने का आरोप
आजमगढ़। मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं शारदीय नवरात्रि अभियान के तहत आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, ग्राम छिही स्थित कंपोजिट विद्यालय के आसपास चेकिंग के दौरान स्कूल से घर जा रही छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी और इशारे करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले दो अन्य युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को बिलरियागंज थाना क्षेत्र की मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम ग्राम छिही स्थित कंपोजिट विद्यालय के आसपास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी करने एवं अश्लील इशारे करने के आरोप में क्रिश गौड़ (18 वर्ष), पुत्र महेंद्र गौड़, निवासी ग्राम छिछोरी, थाना बिलरियागंज को पकड़ा गया। महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय की लिखित तहरीर के आधार पर थाना बिलरियागंज में मुकदमा संख्या 247/26, धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसी दौरान विद्यालय के आसपास संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले दिलीप (19 वर्ष), पुत्र चन्द्रिका, निवासी ग्राम छिछोरी तथा सनी (18 वर्ष), पुत्र धवन, निवासी ग्राम छिही से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए तीनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय, महिला कांस्टेबल काजल सिंह और महिला कांस्टेबल प्रेमलता पाण्डेय शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर उनकी सुरक्षा के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।

