बकाया जमा नहीं करने पर 22 कनेक्शन काटे, 55 उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की हुई जांच
रिपोर्ट-हर्ष चन्देल
आजमगढ़। विद्युत विभाग की ओर से मंगलवार को हाई लॉस फीडर के अंतर्गत अहिरिपुर गांव में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभागीय टीम ने 55 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शनों की जांच की और बकाया बिलों के रूप में 60 हजार रुपये की वसूली की। बकाया जमा नहीं करने पर 22 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि तीन उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ाया गया। अभियान अवर अभियंता विद्युत फूलपुर-सुदनीपुर देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने उपभोक्ताओं के कनेक्शनों और विद्युत भार की जांच करने के साथ ही बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने के लिए लोगों को जागरूक किया। अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने, बकाया राजस्व की वसूली करने और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की। इस दौरान फीडर मैनेजर सूर्यभान, बृजेश यादव, अंगद यादव, इंद्रेश कुमार, सिकंदर पाल सहित अन्य लाइनमैन और मीटर रीडर मौजूद रहे।
