मालपार गांव के पास हुआ विवाद, एसडीएम ने एंबुलेंस से सभी को सीएचसी भेजवाया
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के मालपार गांव के समीप शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के दो गुटों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। घटना में करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्राओं को तहसील परिसर ले गए। वहां मौजूद एसडीएम अशोक कुमार ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजवाया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को छुट्टी दे दी। जानकारी के अनुसार, सिंहपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में छुट्टी होने के बाद छात्राएं घर लौट रही थीं। इसी दौरान मालपार गांव के पास दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। घटना में शिवांगी, अनुष्का, सुहाना, सुहानी, अंशिका और संजना समेत करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। दूसरे पक्ष की नैना, निर्जला और निखता के भी विवाद में शामिल होने की बात सामने आई है। घायल छात्राओं के परिजन उन्हें लेकर तहसील परिसर पहुंचे, जहां एसडीएम अशोक कुमार ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। चिकित्सक जैनेंद्र कुमार ने बताया कि सभी घायल छात्राओं को आवश्यक उपचार और दवाएं देने के बाद छुट्टी दे दी गई। मेंहनगर थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि मामला स्कूली विवाद को लेकर छात्राओं के दो पक्षों के बीच मारपीट का है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। पुलिस विवाद के कारणों और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
