आरोपी अमित कुमार राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पीड़ित ने बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल ऑडियो क्लिप होने का किया दावा
आजमगढ़। शहर के सदावर्ती चौक स्थित अमर ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर ने एक कारोबारी पर 30 लाख रुपये उधार लेकर वापस नहीं करने और रकम मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी अमित कुमार राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है। खत्रीटोला निवासी अमर कुमार अग्रवाल के अनुसार, वह सदावर्ती चौक स्थित अपनी फर्म से हार्डवेयर और लोहे के सामान का कारोबार करते हैं। इसी सिलसिले में मार्टीनगंज थाना क्षेत्र के लाड़पुर गांव निवासी अमित कुमार राय उनकी दुकान पर सामान खरीदने आते थे। इस कारण दोनों के बीच कारोबारी संबंध और लेन-देन था। अमर कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अमित कुमार राय ने अपनी तत्कालिक आवश्यकता बताते हुए उनसे 30 लाख रुपये उधार मांगे थे और जल्द लौटाने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि उन्होंने अपने व्यक्तिगत पंजाब नेशनल बैंक खाते से मई और जून 2024 में अलग-अलग तिथियों पर आरोपी के खाते में रकम ट्रांसफर की। पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। कई बार मोबाइल फोन से संपर्क करने के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। आरोप के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को व्यक्तिगत रूप से मिलकर रुपये मांगने पर अमित कुमार राय ने रकम भूल जाने और दोबारा नहीं मांगने की बात कही। साथ ही गाली-गलौज करते हुए दोबारा रकम मांगने आने पर जान से मरवाने की धमकी दी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में रुपये के लेन-देन से संबंधित बैंक ट्रांजेक्शन विवरण और मोबाइल ऑडियो क्लिप उपलब्ध होने का दावा किया है। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

