आजमगढ़ : बिजली विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप, 22 बकायेदारों के कनेक्शन काटे

Youth India Times
By -
0
कनेरी गांव में 115 परिसरों की जांच, अभियान में एक लाख दस हजार रुपये की वसूली
25 उपभोक्ताओं ने जमा किया बकाया बिल, पांच का विद्युत भार बढ़ाया गया
रिपोर्ट-हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। बिजली बिल की बकाया वसूली और विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने कनेरी गांव में सघन जांच अभियान चलाया। उच्च हानि वाले फीडर के अंतर्गत आने वाले इस गांव में विद्युतकर्मियों ने घर-घर पहुंचकर कनेक्शनों की जांच की और बकाया बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक किया। इस दौरान बिल जमा नहीं करने वाले 22 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए, जबकि 25 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया बिल जमा कर दिया। अवर अभियंता देवेंद्र सिंह, गद्दोपुर के अवर अभियंता आनंद यादव और बरईपुर के अवर अभियंता आसिफ के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 115 परिसरों की जांच की गई। विभागीय कार्रवाई के दौरान बकायेदारों को बिजली बिल जमा करने के निर्देश दिए गए। अभियान से विद्युत विभाग को करीब एक लाख दस हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। जांच अभियान के दौरान विद्युत विभाग ने कनेक्शनों से संबंधित अन्य कमियों को भी दुरुस्त कराया। पांच उपभोक्ताओं के स्वीकृत विद्युत भार में वृद्धि की गई, जबकि दो उपभोक्ताओं के कनेक्शन की श्रेणी में बदलाव किया गया। विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदारों और बिजली कनेक्शन संबंधी अनियमितताओं को लेकर उपभोक्ताओं में हलचल रही। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया बिजली बिल की वसूली और कनेक्शनों की जांच के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील की गई, ताकि कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। अभियान के दौरान फीडर प्रबंधक सूर्यभान सहित रमोध बिंद, अजय कुमार, राजकुमार, आबिद, चंद्रेश और इंद्रेश समेत अन्य विद्युतकर्मी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)