आवागमन बाधित करने, पुलिस से धक्का-मुक्की और एंबुलेंस रोकने का आरोप
सड़क हादसे में एक व्यक्ति की हुई थी मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार बाजार में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद शव रखकर मुख्य मार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने 10 नामजद समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने मुबारकपुर-जीयनपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित किया, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की तथा ईंट-पत्थर चलाए। इस दौरान एंबुलेंस, रोडवेज बसों समेत कई वाहनों के फंसने से राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की तहरीर के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को गुजरपार बाजार में उपनिरीक्षक नौशाद अहमद पुलिसकर्मियों के साथ शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक अज्ञात चारपहिया वाहन के चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गुजरपार निवासी विपिन कुमार के माता-पिता को टक्कर मारने का आरोप है। हादसे में उनकी मां सुमन देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता मुन्नीलाल की मौत हो गई। इस मामले में मुबारकपुर थाने में मुकदमा संख्या 364/26 के तहत बीएनएस की धारा 281, 125ए, 125बी और 106(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया था। तहरीर के अनुसार, परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गुजरपार बाजार चौराहे पर शव रखकर मुबारकपुर-जीयनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी तथा ईंट-पत्थर चलाते हुए सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। पुलिस का आरोप है कि जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एंबुलेंस और सरकारी रोडवेज बसें भी फंस गईं। तहरीर में गंभीर मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस रोकने और उन पर हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी हुई। जाम हटवाने के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी और नेम प्लेट को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में अन्य थानों से पुलिस बल पहुंचने के बाद जाम हटवाया गया और आवागमन बहाल हो सका। इस मामले में हरिकेश पुत्र निहोर, प्रकाश पुत्र बेचन, गोविन्द पुत्र स्वर्गीय सोहित, विजय पुत्र शंकर, सुनील राम पुत्र बालचन्द, अनिल राम पुत्र बालचन्द, इन्द्रदेव राम पुत्र निर्मल, रामचन्दर पुत्र बेचन, नागेन्द्र यादव पुत्र स्वर्गीय रामबदन यादव और सूबेदार पुत्र लालधर, सभी निवासी गुजरपार, थाना मुबारकपुर, को नामजद किया गया है। इनके अलावा 60 से 70 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 191(2), 190, 221, 126(2), 121(1), 125, 109(1) तथा सात सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

